दोहरे हत्याकांड में तीन को आजीवन कारावास - देवास






दोहरे हत्याकांड में तीन को आजीवन कारावास





देवास। तीन वर्ष 10 माह पूर्व हुए दोहरे जघन्य हत्याकांड का फैसला बुधवार को हुआ द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश ने मामले में महत्वपूर्ण फैसला देते हुए तीनों आरोपितों को आजीवन कारावास व अर्थदंड से दंडित किया। आरोपित विशाल पुत्र हरिओम व्यास, सनी पुत्र अशोक गुप्ता व सूरजसिंह पुत्र ओमप्रकाश ठाकुर सभी निवासी इंदौर को दोषी पाते हुए आजीवन कठोर कारावास व 11-11 हजार के अर्थदंड से दंडित किया गया। पति ने साथियों के साथ मिलकर पत्नी और सुसर पर हमला किया था।









26 जून 2018 को सुबह 6 बजे इंदौर-भोपाल हाइवे के करीब ग्राम धतुरिया रोड पर नानुराम खत्री के खेत में पड़े अर्द्धनग्न गंभीर अवस्था में एक महिला व पुरूष पर एक राहगीर की नजर पड़ी जिसकी सूचना पर 100 डायल को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। जहां दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। डाक्टर के अनुसार पुरूष मृत व महिला गंभीर अवस्था में होना पाया जिसका तुरंत प्राथमिक उपचार कर इंदौर रैफर किया गया। पुलिस ने मौके से खून से सना हुआ पत्थर, मंगलसूत्र, जली हुई साड़ी, बनियान, चप्पल व एक ब्लैक कलर का की-पेड मोबाइल बराबद किया था। पुलिस की सूझबूझ से कुछ ही समय में खुलासा करते हुए जानकारी दी थी कि सांवेर स्थित मृतक के रिश्तेदार कमलसिंह ओझा द्वारा पुरूष की महेश उपाध्याय व महिला की रजनी व्यास निवासी शिवपुरी पिता व पुत्री के रूप में पुष्टि की गई।





8 मार्च को हुई थी शादी, पत्नी को शिवपुर से लेकर वारदात की थी





8 मार्च को विशाल व्यास व रजनी व्यास की शादी हुई थी। 25 जून को विशाल अपने दो मित्र सुरजसिंह ठाकुर, सनी गुप्ता व मां के साथ सोनकच्छ आए थे। जिसके बाद इनमें से कुछ लोग शिवपुरी गए थे। जिसके बाद दूसरे दिन अचानक से इस घटना का पता चला। पुलिस विवेचना के अनुसार नवविवाहित रजनी व विशाल व्यास के बीच में शादी के बाद से ही आए दिन विवाद चालू हो गए थे। जिसका कारण आरोपित विशाल का नाजायज संबंध सामने आ रहा था। इसी बात से नाराज होकर रजनी अपने मायके शिवपुरी चली गई थी। घर से अलग रहने की बात पर अड़ी हुई थी। विशाल के बहुत समझाने के बाद भी मृतक रजनी समझने को तैयार नहीं हुई थी। आरोपित विशाल ने मास्टर माइंड प्लानिंग कर अपने दोस्तों के साथ मृतक रजनी को लेने शिवपुरी पहुंचा। उसकी हर बात पर राजी होकर घर लाने को तैयार हो गया। मृतक रजनी के पिता उसकी चिंता करते हुए उसे छोड़ने के इरादे से साथ चल दिए। विशाल व उसके दोस्तों की प्लानिंग के अनुसार घटना को अंजाम देने के लिए रास्ते से मिर्च पावडर व अन्य ज्वलंनशील पदार्थ खरीदा और सोनकच्छ के समीप हाइवे से एक ग्राम की ओर अनजान रोड पर गाड़ी रोककर पिता व पुत्री के साथ मारपीट करने लगे। पत्थर से दोनों के सिर व अन्य जगहों पर जमकर वार किया। दोनों के उपर ज्वलंनशील पदार्थ से आग लगाकर मौके से फरार हो गए थे। जिन्हें पुलिस ने 24 घंटे में हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया गया था।


Previous Post Next Post